यमकेश्वर पहुंचे उत्तराखंड व यूपी के मुख्यमंत्री, इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का किया उद्घाटन

यमकेश्वर।  इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित दो मंजिला भवन के उद्घाटन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमकेश्वर पहुंचे। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम से पूर्व दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्या मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है। शिक्षा केवल डिग्री या रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास का आधार है। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में उत्तराखंड सरकार द्वारा 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार शिक्षा के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और नवाचार के माध्यम से समावेशी विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नवनिर्मित इंटर कॉलेज भवन क्षेत्र के शैक्षिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सुरक्षा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही कहा कि यह क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि योगी आदित्यनाथ ने यहीं से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और आज देश के सशक्त नेतृत्वकर्ता हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम है। विद्यालयों की भूमिका केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का संवर्धन भी आवश्यक है। उन्होंने पौराणिक गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए इसे व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त आधारशिला बताया।

मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें व्यवहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक शैक्षिक इंफ्रास्ट्रक्चर से गांवों का समग्र विकास होगा और पलायन पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि दूसरों पर निर्भरता की मानसिकता से ऊपर उठकर ही सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

इस अवसर पर सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नवनिर्मित भवन को जनता को समर्पित किए जाने पर शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए प्रांतीयकरण की प्रक्रिया पर नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने विद्यालय के प्रांतीयकरण एवं विज्ञान विषय की कक्षाएं प्रारंभ कराने की मांग रखी।

कार्यक्रम के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों द्वारा विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 6 के नमन रावत, कक्षा 7 के हर्ष चौहान, कक्षा 8 की आरती चौहान, कक्षा 9 के सचिन बडोला, कक्षा 10 की कु. दीपाली, कक्षा 11 के अभिषेक बडोला तथा कक्षा 12 की कुं. पल्लवी शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *