नई टिहरी। लंबगांव नगर पंचायत क्षेत्र में उल्लास, परंपरा और सांस्कृतिक रंगों के साथ सात दिवसीय नगर महोत्सव मेला रविवार से शुरू हो गया। राजकीय महाविद्यालय चौंड के प्रांगण में आयोजित भव्य समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने दीप प्रज्वलित कर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। नगर पंचायत गठन के बाद पहली बार आयोजित हो रहे इस महोत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों और आसपास के ग्रामीण इलाकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचे और सांस्कृतिक व मनोरंजक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया। पूरा परिसर मेले की चहल-पहल और उत्सवी माहौल से गुलजार रहा।
उद्घाटन अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक विरासत की पहचान होते हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सौहार्द और समरसता को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत बनने के बाद यह पहला अवसर है जब नगर क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर मेले का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस नगर महोत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं। इस आयोजन से सौ से अधिक स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है।
नगर पंचायत की ओर से स्थानीय व्यापारियों और उत्पादकों को विशेष राहत दी गई है। स्थानीय लोगों से मेले में दुकान लगाने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है, जिससे वे बिना आर्थिक बोझ के अपने उत्पादों और हस्तशिल्प को प्रदर्शित व विक्रय कर सकें। अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से मेले की सफलता और नगर विकास में सहयोग का आह्वान किया।
