जखोली/रुद्रप्रयाग: किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विकासखंड जखोली में उन्नत कृषि एवं बागवानी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर प्लांट बायोटेक्नोलॉजी (एनआईपीबी) के वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी।
इस दौरान 75 किसानों को 300 उन्नत पौधे, 25 किसानों को 250 कीवी के पौधे तथा 60 काश्तकारों को 25 हजार टमाटर के पौधे वितरित किए गए। साथ ही नगदी फसलों को बढ़ावा देने और धान कुटाई की आधुनिक तकनीकों पर भी चर्चा की गई।
एनआईपीबी के निदेशक डॉ. आर.सी. भट्टाचार्य ने कहा कि नई तकनीक और हाइब्रिड बीजों के उपयोग से पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय किसानों की सक्रिय भागीदारी रही।
