नई टिहरी। जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय में एक शोक सभा आयोजित कर पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता बलवीर सिंह नेगी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। ज्ञात हो कि पूर्व विधायक बलवीर सिंह नेगी का बीते सोमवार को देहरादून के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था, जिससे पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।
शोक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारीलाल खंडवाल ने कहा कि स्व. बलवीर सिंह नेगी का जाना पार्टी और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि नेगी जी ने हमेशा जनहित को सर्वाेपरि रखा और सादगी के साथ जीवन जिया। उनके बताए मार्ग और उनके आदर्शों पर चलना ही उन्हें हम सब की ओर से सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वक्ताओं ने उनके साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एक लंबे समय तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और इस दौरान उन्होंने जो विकास कार्य किए, उन्हें जनता आज भी याद करती है। उनका राजनीतिक अनुभव अत्यंत समृद्ध था, जिससे हमेशा पार्टी संगठन और क्षेत्र के युवाओं को नई दिशा मिलती रही।
