पेयजल आपूर्ति न होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने तहसील का किया घेराव

श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के हिंसरियाखाल, पाटाखाल एवं अकरी पट्टी के 90 से अधिक गांवों को पेयजल आपूर्ति करने वाली लक्षमोली-हडिमधार पंपिंग योजना से आपूर्ति न होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। गुरुवार को आक्रोशित हिसरियाखाल व अकरी पट्टी से जुड़े ग्रामीणों ने कीर्तिनगर तहसील में प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने तहसील का घेराव कर स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी कर लक्षमोली से हडीमधार पंपिंग योजना से जलापूर्ति न होने से आम जनजीवन अस्त व्यस्त होने की बात रखी।ग्रामीणों ने बताया कि हडीम धार पंपिंग योजना का पुनर्गठन कार्य भी मानक के अनुसार नहीं हो रहा है।
आक्रोशित लोगों ने त्यूणा से मायादेवीखाल पेयजल योजना के पुनर्गठन, वंजेला पेयजल योजना का पुनर्गठन किये जाने सहित पेयजल उपलब्ध कराये जाने की मांग की है। जब भी ग्रामीण आवाज उठाते है विभाग के द्वारा समस्या के समाधान के लिए समय दिया जाता है। लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य महिपाल बुटोला ने कहा कि पुरानी लक्षमोली-हडिमधार पेयजल योजना से क्षेत्र में पेयजल की सुचारू आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके कारण लोगों को पेयजल के लिए ठंड के मौसम में भी भटकने को विवश होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में त्यूणा से भी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति होती थी, लेकिन विभाग इस योजना को भी पुनर्जीवित नहीं कर रहा है, जबकि त्यूणा गदेरे में पर्याप्त पानी है। बुटोला ने कहा कि अगर विभाग के द्वारा एक माह के अंदर समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों को हिंसरियाखाल क्षेत्र के जगदेश्वर महादेव मंदिर में अनशन शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *