टिहरी। विकासखंड प्रतापनगर में ग्राम प्रधान संगठन की नवीन कार्यकारिणी का गठन रविवार को सर्वसम्मति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। लंबगांव स्थित महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में तिनवालगांव के ग्राम प्रधान कृपाल सिंह राणा को निर्विरोध प्रधान संगठन का अध्यक्ष चुना गया, जबकि मुखेम की ग्राम प्रधान राजेश्वरी सेमवाल को महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन के पूर्व अध्यक्ष लोकपाल कंडियाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस चुनावी प्रक्रिया में सभी पदों पर एकमत होकर निर्णय लिया गया, जो संगठन की एकता और मजबूती को दर्शाता है।
संगठन के विस्तार और कार्यप्रणाली को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्यकारिणी में अन्य पदाधिकारियों का भी चयन किया गया। इसमें सुनील चंद, भाग सिंह, कनकपाल सिंह, मनीष चौहान और ममता कुडियाल को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, संगठन के सचिव पद पर ममता देवी, गंभीर सिंह, विजय रांगड़ और रवि पंवार को मनोनीत किया गया। कोषाध्यक्ष की अहम भूमिका सुमना राणा और अभिषेक नेगी निभाएंगे। संगठन की गतिविधियों और कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रचारित करने के लिए दिनेश बिष्ट, प्रदीप नेगी, आरती रावत और त्रिलोक राणा को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। सोशल मीडिया प्रभारी का दायित्व भरत चौहान, जयवीर सजवाण, संजी देवी और शकुंतला रांगड़ को सौंपा गया है।
