नई टिहरी। जनपद में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने और आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 48 शिकायतें और आवेदन पत्र दर्ज किए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि शिकायतों को बेवजह लंबित न रखा जाए। साथ ही, जिला योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कम प्रगति वाले विभागों को फटकार लगाई और निर्देश दिए कि यदि विभाग धनराशि खर्च करने में असमर्थ हैं, तो वे बजट शीघ्र सरेंडर करें, अन्यथा तय समय सीमा के भीतर विकास कार्यों में तेजी लाकर बजट का सदुपयोग सुनिश्चित करें।
टिहरी जनपद को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रशासन ने एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि टिहरी को “ट्रेक डेस्टिनेशन” के रूप में विकसित कर इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जाएगी। इसके लिए एक जिला स्तरीय पर्यटन टास्क फोर्स समिति का गठन किया गया है। योजना के प्रथम चरण में जाखणीधार ब्लॉक के थात (खेट पर्वत ट्रेक रूट), चंबा ब्लॉक का सौड़ और जौनपुर का सेंदुल (नागटिब्बा ट्रेकिंग रूट) को चिह्नित किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य इन रूट्स को विकसित कर पर्यटकों को आकर्षित करना है। इसके अतिरिक्त, जिले के अन्य संभावित ट्रेकिंग रूट्स को खोजने और उन्हें पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया है कि वे ग्राम स्तर पर बैठकें आयोजित कर नए गांवों और रूट्स का प्रस्ताव तैयार करें, ताकि शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके।
प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यों के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता पर भी प्रशासन ने अपना फोकस बढ़ाया है। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के समानांतर अब “मिशन-शक्ति-सम्बल-बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को भी व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। समाज में व्याप्त बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा और लोगों से बाल विवाह न करने के शपथ पत्र भरवाए जाएंगे। इसी कड़ी में मंगलवार को कीर्तिनगर और देवप्रयाग में जागरूकता कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है।
