नई टिहरी। सीमांत जनपद टिहरी गढ़वाल की खेल प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय फलक पर अपनी चमक बिखेरने को तैयार हैं। इसी कड़ी में चंबा की होनहार बेटी सानवी बिजल्वाण ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से जिले का नाम रोशन किया है। सानवी का चयन उत्तराखंड राज्य की अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है, जो पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। इस उपलब्धि की खबर मिलते ही चंबा और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सानवी आगामी 31 दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अपनी टीम के साथ नागपुर के लिए रवाना होंगी।
सानवी की इस सफलता की नींव उनके घर से ही पड़ी है। उनके पिता गोविंद बिजल्वाण, जो एक आईटी आर्गेनाइजेशन संचालित करते हैं, स्वयं अपने समय के बेहतरीन क्रिकेटर रहे हैं। उन्होंने बेटी की खेल के प्रति रुचि को भांपते हुए बचपन में घर पर ही उसे क्रिकेट का ककहरा सिखाया और निरंतर प्रोत्साहित किया। उनकी माता एसबीआई लाइफ में कार्यरत हैं।
घर से मिले प्रोत्साहन के बाद सानवी ने नई टिहरी स्थित सम्राट क्रिकेट अकादमी से खेल की प्रारंभिक बारीकियां सीखीं। इसके बाद अपने हुनर को तराशने के लिए वह पिछले दो वर्षों से देहरादून स्थित लिटिल मास्टर क्रिकेट अकादमी में अभ्यास कर रही हैं।देहरादून में सानवी को वरिष्ठ क्रिकेट कोच नरेंद्र शाह और किरण शाह का सानिध्य प्राप्त हो रहा है। विशेष बात यह है कि कोच नरेंद्र शाह इससे पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्नेह राणा के भी कोच रह चुके हैं।
ऐसे अनुभवी गुरुओं के मार्गदर्शन और सानवी के अथक परिश्रम का ही परिणाम है कि उन्होंने प्रदेश की अंडर-15 टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। सानवी एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं, जो ओपनिंग गेंदबाजी के साथ-साथ ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करने की क्षमता भी रखती हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सानवी इसी अनुशासन और लगन के साथ खेलती रहीं, तो जल्द ही वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जर्सी में देश का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी।
