श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र द्वारा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई के जन्म दिवस (सुशासन दिवस) को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। गढ़़वाल विवि के चौरास स्थित डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र आयोजित कार्यक्रम में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान बाजपेई के जीवन, व्यक्तित्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को स्मरण करते हुए कहा कि सुशासन, राष्ट्रहित और जनसेवा उनके राजनीतिक दर्शन के मूल आधार थे। मौके पर डॉ. अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र के समन्वयक प्रो. एमएम सेमवाल ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेई दूरदर्शी नेतृत्व, उत्कृष्ट वक्तृत्व कला एवं संवेदनशील राजनीतिक दृष्टि के प्रतीक थे। कहा कि सुशासन का अर्थ केवल प्रशासनिक दक्षता ही नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जनसहभागिता, नैतिकता और उत्तरदायित्व के साथ शासन चलाना है।
उन्होंने युवाओं से बाजपेई के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने अटल के आदर्शों, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राष्ट्रीय विकास के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
