देहरादून। सूबे के उच्च शिक्षा विभाग को 5 नये सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष मिल गये हैं। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित इन अभ्यर्थियों को विभागीय मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने नियुक्ति पत्र वितरित किये। डॉ रावत ने सभी नव नियुक्ति सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष को शुभकामनाएं दी और उम्मीद जताई कि सभी लोग विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।
सूबे के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बुधवार को अपने शासकीय आवास पर उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 5 सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इन सभी सहायक पुस्तकालयाध्यक्षों को दुर्गम क्षेत्र के महाविद्यालयों में प्रथम तैनाती दी गई। जिसमें संतोषी गौड़ को राजकीय महाविद्यालय नैनीडांडा, अर्पित कुमार सिंह को उपरैंखाल, प्रीति जोशी को भतरौंजखान, चंदन सिंह जीना को थलीसैण तथा मनोज कुमार को राजकीय महाविद्यालय सोमेश्वर में प्रथम तैनाती दी गई।
