नई टिहरी। भारतीय संविधान के शिल्पकार, समाज सुधारक और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को समूचे टिहरी जनपद में उन्हें कृतज्ञता के साथ याद किया गया। जिला मुख्यालय पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और छात्र समूहों ने बाबा साहेब के चित्र और मूर्तियों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की बदौलत ही आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत लोकतांत्रिक देश के रूप में अपनी पहचान बना पाया है। उनके विचारों और आदर्शों को याद करते हुए वक्ताओं ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान का संकल्प लिया।
शनिवार को नई टिहरी स्थित अंबेडकर पार्क में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष उदय रावत के नेतृत्व में एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि बाबा साहेब के सपनों का भारत बनाने के लिए वर्तमान केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान के मूल मंत्रों के अनुरूप ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की नीति पर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में जाखणीधार की निवर्तमान प्रमुख सुनीता देवी, जिला महामंत्री जयेंद्र सेमवाल, मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, राम लाल नौटियाल, गबर सिंह, शांति खंडूरी, मुकेश रांगड़, असगर अली और तौफीक अहमद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दूसरी ओर, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके त्याग और संघर्ष को नमन किया। कांग्रेस नेताओं ने बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए चिंता भी व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. अंबेडकर ने देश को एक सशक्त और समावेशी संविधान दिया था, लेकिन वर्तमान सत्ताधारी सरकार संवैधानिक संस्थाओं और संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, विजयपाल रावत, मुशर्रफ अली, संतोष आर्य, नवीन सेमवाल, आशा रावत, संदीप कुमार और रोशन नौटियाल आदि मौजूद रहे।
