पाचवें धाम में आस्था के महाकुंभ का सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समापन, मुख्यमंत्री ने डोबरा-चांठी-लंबगांव सड़क के चौड़ीकरण का किया ऐलान
विधायक विक्रम नेगी ने विजेताओं को किया सम्मानित, मड़भागी सौड़ में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विधायक निधि से बनेगा भव्य टीनशेड
नई टिहरी। उत्तराखंड के पांचवें धाम के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले प्रसिद्ध सेम-मुखेम नागराजा के ऐतिहासिक त्रैवार्षिक मेले का बुधवार को भव्य और रंगारंग समापन हो गया। मेले के दूसरे और अंतिम दिन आस्था और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां विभिन्न क्षेत्रों से आई देव डोलियों का अलौकिक मिलन श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। ढोल-दमाऊ की थाप पर नृत्य करती देव डोलियों के दर्शन पाकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इस पावन अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान नागराजा के दरबार में माथा टेका और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मनौतियां मांगी। दो दिनों तक चले इस मेले ने समूची रमोली घाटी को भक्तिमय कर दिया।
मेले के समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यस्तता के कारण वर्चुअल माध्यम से जनसमूह को संबोधित किया। वीडियो संदेश के जरिए उन्होंने आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों को मेले के सफल आयोजन की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जो भविष्य में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने मेला स्थल मड़भागी सौड़ से मंदिर तक जाने वाले पैदल मार्ग के निर्माण और श्रद्धालुओं को धूप व बारिश से बचाने के लिए टीनशेड बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली डोबरा-चांठी-लंबगांव मोटर मार्ग के डेढ़ लेन चौड़ीकरण की भी घोषणा की, जिससे यातायात सुगम होगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से तीर्थस्थलों की पवित्रता बनाए रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की भी अपील की।
जलकुर घाटी जन विकास समिति के तत्वावधान में मड़भागी सौड़ में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विशेष रूप से गंगू रमोला और भगवान श्री कृष्ण की पौराणिक गाथाओं पर आधारित नृत्य नाटिका के भव्य मंचन ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में गौरव शिक्षा निकेतन कंडियाल गांव ने प्रथम, सेम नागराजा शिक्षण संस्थान दीनगांव ने द्वितीय और उच्च माध्यमिक विद्यालय पोखरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, सीनियर वर्ग में जीआईसी गरवाणगांव ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जीआईसी कंडियाल गांव दूसरे और जीआईसी मुखेम तीसरे स्थान पर रहा।
