यूसीसी के तहत शत-प्रतिशत विवाह पंजीकरण पर पाथौ व शिवपुरी ग्राम पंचायतें सम्मानित

जनता दरबार में डीएम ने प्रधानों व अधिकारियों को किया सम्मानित

जनभागीदारी, जागरूकता और प्रशासनिक प्रयासों से टिहरी में रिकॉर्ड उपलब्धि

नई टिहरी। जिला सभागार नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने समान नागरिक संहिता के तहत शत-प्रतिशत विवाह पंजीकरण सुनिश्चित करने वाली ग्राम पंचायत पाथौ और शिवपुरी के प्रधानों का सम्मान किया। ग्राम पंचायत पाथौ के प्रधान पियार सिंह पुंडीर और शिवपुरी के प्रधान प्रभु लाल को प्रशस्तिपत्र, स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पंकज उनियाल और विनित रावत को भी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि शत-प्रतिशत विवाह पंजीकरण हासिल करना जनजागरूकता, जनभागीदारी और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाकर विवाह पंजीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

साथ ही उन्होंने नगरपालिका के वाहनों से प्रचार-प्रसार जारी रखने तथा नियमित शिविर आयोजित कर नागरिकों को विवाह पंजीकरण के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में टिहरी जनपद की 270 ग्राम पंचायतों में समान नागरिक संहिता के अंतर्गत शत-प्रतिशत विवाह पंजीकरण पूरा हो चुका है। इनमें भिलंगना विकासखंड की 45, चंबा की 34, देवप्रयाग की 24, जाखणीधार की 36, जौनपुर की 35, कीर्तिनगर की 35, नरेंद्रनगर की 14, प्रतापनगर की 14 तथा थौलधार की 33 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। यह उपलब्धि प्रदेश में यूसीसी लागू होने के बाद विवाह पंजीकरण को लेकर बढ़ी हुई जनचेतना का परिणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *