उत्तराखंड की बेटी प्रिया रावत का राष्ट्रीय वॉलीबॉल टीम में चयन

गांव की बेटी ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव, बरेली में दिखाएंगी खेल प्रतिभा का जौहर

 टिहरी। भिलंगना ब्लॉक के बजींगा (छेली) गांव की प्रतिभावान छात्रा प्रिया रावत ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रिया का चयन अंडर-17 राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जिससे क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई है। प्रिया वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज धोपड़धार में अध्ययनरत हैं और उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाई।

प्रिया अब 11 से 15 नवंबर तक उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन की खबर मिलते ही परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और शिक्षकों का कहना है कि प्रिया की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि समूचे भिलंगना ब्लॉक के लिए गर्व का विषय है।

घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, भिलंगना ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी सहित कई जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने प्रिया रावत को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रिया जैसी बेटियां आज प्रदेश का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन कर रही हैं और यह नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

प्रिया की सफलता से यह भी साबित होता है कि पर्वतीय क्षेत्रों की बेटियां प्रतिभा और समर्पण के बल पर किसी भी मंच पर अपना परचम लहरा सकती हैं। उनके चयन से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्सव का माहौल है, और अब सभी की निगाहें बरेली में होने वाली प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *