धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल में डूबी प्रतापनगर की धरती, पहले दिन हुआ विष्णु-लक्ष्मी संवाद का मंचन

टिहरी। विकासखंड प्रतापनगर के पट्टी उपली क्षेत्र स्थित कंडियालगांव में मंगलवार देर रात से श्रीकृष्ण लीला का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक विक्रम सिंह नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त हो गया। लीला के आरंभ पर विधायक नेगी ने कहा कि जीवन में सफलता और सच्चे सुख की प्राप्ति के लिए भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके उपदेश आज भी जीवन के हर क्षेत्र में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

विधायक नेगी ने इस अवसर पर कंडियालगांव में निर्माणाधीन सिद्ध प्रसिद्ध आराध्य देव उमेदा कंडियाल मंदिर के निर्माण कार्य के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पट्टी उपली क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है, यहां अनेक प्राचीन धार्मिक स्थल हैं जो पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि मां दिन्याली देवी मंदिर तक स्वीकृत मोटर मार्ग के निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा। इसी तरह धंगडगांव मोटर मार्ग के अधूरे कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
विधायक ने क्षेत्र में स्वीकृत आईटीआई भवन एवं लंबगांव बाईपास निर्माण कार्य को भी जल्द प्रारंभ कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

श्रीकृष्ण लीला के पहले दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के बीच संवाद का भावपूर्ण मंचन किया गया। इस प्रसंग में भगवान विष्णु ने माता लक्ष्मी से कहा कि पृथ्वी पर अधर्म और पाप बढ़ता जा रहा है, जिसे समाप्त करने के लिए उन्हें स्वयं अवतार लेकर पृथ्वी पर जन्म लेना होगा। दर्शक इस दृश्य को देखकर भाव-विभोर हो उठे और जय श्रीकृष्ण के उद्घोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *