नई टिहरी। नरेंद्रनगर थाना पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 419 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित बाजार कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के राज्य को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में सीआईयू और एएनटीएफ की संयुक्त टीम के साथ नरेंद्रनगर थाना पुलिस ने बाईपास रोड पर सघन चौकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान स्कूटी से 419 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह (48) पुत्र गणपत सिंह, निवासी हरिपुर कलां थाना रायवाला, के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में एसआई यशवंत खत्री, पुष्कर रावत और रमेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
