टिहरी। विकासखंड नरेंद्रनगर के तहसील गजा क्षेत्र के पोखरी में टीएचडीसी की ओर से सामाजिक दायित्व के अंतर्गत निःशुल्क चार माह का सिलाई प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया है। लोक कल्याण समिति रानीचौरी के सहयोग से आयोजित इस केंद्र का शुभारंभ टीएचडीसी भागीरथीपुरम के नोडल अधिकारी महेंद्र सिंह राणा, जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल और समिति सचिव सुशील बहुगुणा ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया।
सिलाई प्रशिक्षण में पोखरी और आसपास के गांवों की 35 महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह राणा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि टीएचडीसी सेवा मद के माध्यम से क्षेत्र में कई प्रकार के प्रशिक्षण संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि सिलाई का कौशल न केवल स्वरोजगार का साधन बनेगा, बल्कि यह महिलाओं को अपने घरेलू कार्यों के साथ अतिरिक्त आमदनी का अवसर भी प्रदान करेगा।

जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आर्थिक मजबूती लाने का काम करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं आगे चलकर अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेंगी। समिति सचिव सुशील बहुगुणा ने कहा कि मेहनत और लगन से लिया गया यह प्रशिक्षण निश्चित ही महिलाओं को आर्थिकी से जोड़कर आत्मनिर्भरता की राह दिखाएगा।
