न्यू टिहरी प्रेस क्लब के रजत जयंती द्वार का लोकार्पण,टीएचडीसी सीएमडी आरके विश्नोई ने किया वर्चुअल उद्घाटन, डीएम और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

टिहरी। टीएचडीसी के सहयोग से निर्मित न्यू टिहरी प्रेस क्लब के रजत जयंती द्वार का वर्चुअल उद्घाटन शुक्रवार को टीएचडीसी के सीएमडी आरके विश्नोई ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि टिहरी जिले के विकास के लिए टीएचडीसी लगातार प्रयासरत है और भविष्य में भी जरूरत के अनुरूप सहयोग जारी रहेगा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, नगर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, टीएचडीसी के ईडी एलपी जोशी और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने भौतिक रूप से द्वार का लोकार्पण किया। डीएम नितिका खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को दिशा देने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने टीएचडीसी से नई टिहरी शहर में टिहरी बांध और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाला एक म्यूजियम स्थापित करने का अनुरोध भी किया।

टीएचडीसी के ईडी एलपी जोशी ने कहा कि नई टिहरी को बसाने की जिम्मेदारी टीएचडीसी की रही है और इसके संवर्धन व सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी भी टीएचडीसी ही निभाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर की आंतरिक सड़कों का निर्माण टीएचडीसी द्वारा किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने भी कहा कि शहर को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए टीएचडीसी का सीएसआर और अन्य मदों में सहयोग जरूरी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने संगठन और सरकार की ओर से प्रेस क्लब को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रेस क्लब अध्यक्ष शशिभूषण भट्ट और महामंत्री गोविंद पुंडीर ने क्लब की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। वहीं, पूर्व अध्यक्ष गोविंद बिष्ट और देवेंद्र दुमोगा ने क्लब के निकट खाली भूमि को प्रेस क्लब को आवंटित करने और वहां टीएचडीसी के सहयोग से गेस्ट हाउस बनाए जाने की मांग रखी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *