समीक्षा बैठक में विकास कार्यों में तेजी लाने पर जिलाधिकारी ने दिय जोर,विभागों को कार्य एवं खर्च का प्लान तैयार करने के निर्देश

 टिहरी। जिला सभागार नई टिहरी में  देर शाम जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सेक्टर, राज्य सेक्टर, बीस सूत्री कार्यक्रम एवं टास्क फोर्स संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने क्रमवार सभी विभागों-लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संस्थान, वन विभाग, लघु सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, उरेडा, पशुपालन, पंचायती राज आदि के कार्यों व खर्चों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राज्य सेक्टर और केंद्र पोषित योजनाओं का डाटा शीट में अपडेट करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नए कार्यों के जल्द से जल्द टेंडर किए जाएं और अक्टूबर तक के कार्यों व खर्चों का ठोस प्लान बनाकर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने परियोजनाओं में भौतिक और वित्तीय प्रगति लाने पर जोर दिया। उरेडा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सोलर लाइट्स की मरम्मत के बाद उनकी जियो टैगिंग अनिवार्य रूप से की जाए।

वहीं शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूल संपर्क मार्गों और नालों की रिपोर्ट प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाए, ताकि तुरंत आवश्यक कार्यवाही हो और बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। साथ ही शिक्षा विभाग और कार्यदायी संस्था को 27 अगस्त तक सभी कार्यों के प्राक्कलन और टेंडर संबंधी अपडेट रिपोर्ट देने को कहा गया।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि लोक निर्माण विभाग के सभी नए कार्यों के टेंडर हो चुके हैं। जल निगम ने 5 करोड़ रुपये में से 1.79 करोड़ खर्च कर लिए हैं और 33 नए कार्यों की निविदा पूरी हो गई है। समाज कल्याण विभाग ने जन कल्याणकारी शिविर आयोजित करने के लिए ब्लॉकवार रोस्टर तैयार कर लिया है।

बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि उनकी योजनाएं ‘ए’ श्रेणी में हों। यदि लक्ष्य संशोधित करने की आवश्यकता हो, तो निदेशालय स्तर पर समय रहते समन्वय स्थापित कर उन्हें संशोधित कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि जो योजनाएं बंद हो चुकी हैं, उन्हें पोर्टल से हटाने की कार्यवाही तत्काल की जाए। ‘बी’, ‘सी’ और ‘डी’ श्रेणी वाले विभागों को प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *