मान सिंह रौतेला ने संभाली उपाध्यक्ष की कमान, कांग्रेस ने चुनाव में जीत को बताया जनसमर्थन का परिणाम

नई टिहरी। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला पंचायत टिहरी गढ़वाल के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला का स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनता, अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस बलों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो पाए। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मीडिया की भी सराहना की, जिन्होंने हर चुनौती का डटकर सामना किया और चुनाव से जुड़ी खबरों को निष्पक्ष रूप से प्रसारित किया।

नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं और जिला पंचायत सदस्यों के सहयोग से वह इस पद पर निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने करन माहरा, हरीश रावत, यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल सहित अपने जिले के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। रौतेला ने विशेष रूप से अपने क्षेत्र कफलोग के मतदाताओं और जिला पंचायत सदस्यों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने उन्हें उपाध्यक्ष पद पर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान जनहित से जुड़े मुद्दों और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी के सहयोग से जिले को विकास की नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर कड़े आरोप लगाए। प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट और महासचिव विजय गुनसोला ने कहा कि “एक राष्ट्र एक चुनाव” का नारा देने वाली भाजपा उत्तराखंड में पंचायत चुनाव समय पर कराने में नाकाम रही। नौ माह की देरी से हुए इन चुनावों में भाजपा ने लोकतंत्र को आघात पहुंचाने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान गोलीबारी, धांधली और जबरदस्ती जैसी घटनाएं हुईं, जिससे लोकतंत्र शर्मसार हुआ। साथ ही भाजपा पर मतगणना और पद आरक्षण तक में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए गए।

नेताओं ने यह भी कहा कि नैनीताल में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तानाशाही रवैया नहीं छोड़ा तो जनता हर गली और गांव से इंकलाब का नारा बुलंद करेगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्योति प्रसाद भट्ट और आनंद सिंह बेलवाल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार तानाशाही में बदल चुकी है और जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *