देहरादून। यूपीसीएल ने एक मजबूत विद्युत वितरण प्रणाली की स्थापना के साथ-साथ परिचालन एवं व्यावसायिक दक्षता में सुधार हेतु अहम कदम उठाये हैं। लगातार बढ़ रही मांग की प्रतिपूर्ति करने हेतु यूपीसीएल द्वारा विगत तीन वर्षों में 05 नये 33/11 के०वी० उपसंस्थानों का निर्माण किया गया, तथा विद्युत वितरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु प्रदेश भर में तीन वर्षों में 8 हजार से अधिक विद्युत लाइनें स्थापित की गई। जिनमें लगभग 250 किमी 33 केवी, 1800 किमी 11 के0वी एवं 6 हजार किमी एलटी विद्युत लाइनें सम्मिलित हैं।
एमडी अनिल कुमार ने बताया कि, प्रदेश भर में सभी पोषकों पर विद्युत संतुलन बनाये रखने के लिए पिछले तीन वर्षों में लगभग 5 हजार वितरण परिवर्तक स्थापित किये गये हैं। प्रबन्ध निदेशक, यूपीसीएल द्वारा अवगत कराया गया कि यूपीसीएल द्वारा उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु भारत सरकार व राज्य सरकार की विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इन योजनाओं के तहत उत्तराखंड के विद्युत वितरण नेटवर्क को और अधिक मजबूत, सुदृढ़ तथा आधुनिक बनाये जाने हेतु निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं।
वर्तमान में भारत सरकार की आर०डी०एस०एस० योजना के तहत प्रदेश भर में लगभग 16 लाख उपभोक्ताओं के लिये स्मार्ट मीटर की स्थापना तथा एनर्जी एकाउन्टिंग को बेहतर बनाने हेतु 59212 वितरण परिवर्तन एवं 2602 पोषकों पर भी स्मार्ट मीटर लगाये जा रहे हैं जिससे बिजली व्यवस्था की डिजिटलीकरण, ऑटोमेशन और दक्षता में बढ़ोत्तरी होगी और विद्युत हानियों को भी कम किया जा सकेगा। स्मार्ट मीटर की स्थापना की दिशा में आगे बढ़ना न केवल वर्तमान चुनौतियों का समाधान है, बल्कि एक टिकाऊ ऊर्जा भविष्य की ओर कदम है। जैसे-जैसे हम एक स्मार्ट ऊर्जा भविष्य की ओर बढ़ते हैं, ये नवाचार हमारे बिजली उपभोग और प्रबंधन के तरीकों को फिर से परिभाषित करने के लिये सहायक सिद्ध होगा।
