देहरादून। उत्तराखंड की खेल उपलब्धियों में शुक्रवार को उस समय एक नया आयाम जुड़ गया जब हिमाद्री आइस रिंक में देश की पहली इंडोर आइस स्केटिंग नेशनल चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। चैंपियनशिप में 19 राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही है।
शुक्रवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम के हिमाद्री आइस रिंक में 20वीं नेशनल शॉर्ट ट्रैक एंड फिगर स्केटिंग चैंपियनशिप 2025 का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का समापन 30 जून को होगा।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि आइस हॉकी की इंडियन वूमेंस टीम ने हाल ही में यूएई में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप कप में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है। यूएई रवाना होने से पहले इंडियन वूमेंस आइस हॉकी टीम की एक महीने की ट्रेनिंग हिमाद्री आइस रिंक में कराई गई थी। इंटरनेशनल लेवल पर ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली टीम की खिलाड़ियों ने बाद में यह माना कि उनकी तैयारी में देहरादून के हिमाद्री आइस रिंक की बड़ी भूमिका रही। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड का खेल ढांचा अब टीम इंडिया को इंटरनेशनल मेडल दिलाने में सहायक बन रहा है
