टिहरी जनपद में महिलओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयासः धन सिंह

नई टिहरी। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में एक भव्य सहकारिता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। गोष्ठी में उन्होंने प्रदेश भर में सहकारिता विभाग की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां सहकारिता चुनावों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि टिहरी जनपद में 25,000 महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जाए और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
डॉ रावत ने कहा कि टिहरी जिले की सहकारी समितियां और सहकारी बैंक बेहतरीन कार्य कर रहे हैं और यह राज्य के अन्य जनपदों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की मंशा है कि सहकारिता के माध्यम से गांव-गांव तक विकास की किरण पहुंचे और विशेष रूप से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाए।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री ने टिहरी जनपद में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली तीन सहकारी समितियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मिलेट्स मिशन के अंतर्गत मंडवा खरीद में टिहरी जनपद ने प्रदेश भर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जनपद में कुल 30 केंद्रों के माध्यम से 2,728 किसानों से 1,664.910 क्विंटल मंडवा की खरीद की गई। सबसे अधिक खरीद करने वाले समितियों में जन विकास सहकारी समिति, नरेंद्रनगर प्रथम स्थान पर रही, जिसने 25 कृषकों से 2,815 क्विंटल मंडवा की खरीद की। दूसरे स्थान पर बाल गंगा किसान उत्पादक समिति रही, जिसने 302 कृषकों से 2,000 क्विंटल मंडवा खरीदा, जबकि तीसरे स्थान पर एमपैक्स महड, देवप्रयाग रही, जिसने 372 कृषकों से 335 क्विंटल मंडवा की खरीद की।
गोष्ठी के दौरान डॉ रावत ने महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के लिए 0 प्रतिशत ब्याज पर 69 लाख 50 हजार रुपये के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि यह राशि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और रोजगारपरक कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दी जा रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सहकारिता विभाग के माध्यम से महिलाओं को ऋण देकर उन्हें सशक्त करने का प्रयास किया जा रहा है और अब महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर हो रही हैं, बल्कि अपने परिवार की मुखिया की भूमिका भी निभा रही हैं।
कार्यक्रम में विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सुभाष रमोला, मंडल अध्यक्ष नरेश पवार, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र राणा सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल सहकारिता की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि यह ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस कदम भी सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *