जिलाधिकारी ने जनता की समस्याएं सुनीं, कई मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण

 

नई टिहरी। जिला सभागार नई टिहरी में सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलेभर से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में लगभग 34 जन शिकायतें और अनुरोध पत्र दर्ज किए गए, जो मुख्यतः लोक निर्माण विभाग, पुनर्वास, पीएमजीएसवाई, बाल विकास, राजस्व, वन विभाग, उरेडा, कृषि, शिक्षा और पशुपालन सहित अन्य विभागों से संबंधित रहे।

जिलाधिकारी ने अधिकतर समस्याओं को मौके पर ही सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनता दर्शन, तहसील दिवसों और विभिन्न विकास योजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए उनका समाधान सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने जनपद में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत कर्मियों की जानकारी जिला कार्यालय और विभागीय निदेशालय को भेजने के निर्देश भी दिए।

कृषि विभाग से पीएम किसान निधि की भौतिक सत्यापन और अंश निर्धारण की स्थिति पर रिपोर्ट लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, बूढ़ाकेदार क्षेत्र के झकनियाली, टोली और आस-पास के गांवों में बारिश के चलते संभावित खतरे को देखते हुए सिंचाई विभाग को 31 जून से पूर्व रिवर चौनलाइजेशन और अन्य जरूरी कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं नरेंद्रनगर के सौंधना गांव में भी सिंचाई संबंधी कार्य तत्काल करने को कहा गया।

कार्यक्रम में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, सीएमओ श्याम विजय, एसडीएम संदीप कुमार सहित जिला स्तर के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *