गौचर/चमोली।
नगरपालिका परिषद गौचर में स्वच्छता सप्ताह अभियान के तहत मुख्य बाजार, टैक्सी पार्किंग, सहित सभी वार्डों में पालिका अध्यक्ष अंजू बिष्ट के नेतृत्व में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर विपुल रावत, कमल कांत कांडपाल, पालिका कर्मियों व सभासदों के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के तहत सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कार्मिकों, संस्थानों को अपने अपने क्षेत्रों में श्रमदान के माध्यम से गन्दगी से पालिका क्षेत्र को मुक्त करने तथा भविष्य में शहर को स्वच्छ रखें जाने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पालिका परिषद गौचर द्वारा इस अभियान के दौरान मुख्य बाजार सहित वार्डों में आम नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है साथ ही नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई जा रही है। पालिका अध्यक्ष अंजू बिष्ट ने कहा कि 17 जून को ग्राम भट्टनगर व वार्ड 04 ताज पैलेस के समीप निरंकारी मिशन व महिला मंगल दल भट्टनगर, वार्ड 05 में गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं व प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता जागरूकता अभियान में भागीदारी करने की अपील की है।
