4 जुलाई को ऋषिकेश में लगेगा विशाल जनकल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर, मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुभारंभ

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में सात दिवसीय विशेष जन कल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 4 जुलाई को ऋषिकेश के आईडीपीएल मैदान में विशाल बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं शामिल होंगे।

मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने आईडीपीएल मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि ऋषिकेश की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए देहरादून, टिहरी और हरिद्वार से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में तीनों जिलों के विभागीय अधिकारी एक साथ मौजूद रहेंगे और मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे।

शिविर में विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, जहां गंभीर एवं पुरानी बीमारियों की जांच के साथ विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के कार्ड मौके पर बनाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों की स्टॉल के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ और जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग की व्यापक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रदेश में 4 जुलाई से शुरू हो रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा सप्ताह’ के लिए उत्तराखंड सूचना विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *