देहरादून। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत 220 नये चिकित्सकों को प्रथम तैनाती दे दी गई है। इन सभी चिकित्सकों को विशेष रूप से प्रदेश के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों की चिकित्सा इकाईयों में तैनात किया गया है, ताकि सुदूरवर्ती क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को जनसुलभ के साथ ही अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत कर रही है ताकि आम जन को अपने नजदीकी क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत हाल ही में चयनित 220 चिकित्सकों को प्रथम तैनाती दे दी गई है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को छोड़कर अन्य सभी चिकित्सकों को सूबे के ऐसे सुदूरवर्ती चिकित्सा इकाईयों में तैनाती दी गई है जहां पर लम्बे समय से पद रिक्त चल रहे थे।
इन चिकित्सकों की तैनाती से जहां सुदूरवर्ती इलाकों में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होगी वहीं स्थानीय स्तर पर लोगों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। जिससे सरकार का अंतिम गांव तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प भी सिद्ध होगा।
