180 फीट लंबे तिरंगे के साथ हरिद्वार में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा शहर

 

 

SJVN

विज्ञापन

 

 

हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक मदन कौशिक के नेतृत्व में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। आर्य नगर चौक से शुरू हुई यात्रा चंद्राचार्य चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

 

यात्रा का मुख्य आकर्षण 180 फीट लंबा तिरंगा रहा, जिसे एनसीसी के विद्यार्थियों ने भारत माता के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन किया।

 

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, स्वाभिमान, एकता और वीरता का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज हमारा दायित्व है कि हम उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।

 

हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा हमारी शान है। हजारों क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है और युवाओं का उत्साह इस बात का प्रतीक है कि देश के अमर जवान आज भी हर भारतीय के दिल में बसते हैं।

 

उन्होंने कहा कि पूरा देश आजादी के इस पर्व को याद करते हुए वीर बलिदानियों को नमन कर रहा है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को सशक्त बनाना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *