विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

देहरादून। विजय कुमार जोगदंडे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में डॉ. आशीष चौहान सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जनपद की विधानसभावार प्रगति की समीक्षा करते हुए अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अभियान की अब तक की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से सहसपुर, डोईवाला, विकासनगर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में अभियान को और अधिक गति देने तथा विशेष फोकस के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

SJVN

विज्ञापन

उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग अभी तक नहीं हो पाई है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए और प्रत्येक लंबित प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जहां भी किसी प्रकार की समस्या या बाधा आ रही हो, वहां संबंधित बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकारियों को स्वयं फील्ड विजिट करने और मौके पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विजय कुमार जोगदंडे ने निर्देश दिए कि मतदाता सत्यापन एवं मैपिंग केवल भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 मान्य अभिलेखों के आधार पर की जाए। इसके साथ ही वर्ष 2003 की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रति, परिवार रजिस्टर तथा अन्य उपलब्ध अभिलेखों का मिलान कर प्रत्येक प्रविष्टि का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए, ताकि निर्वाचक नामावली की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

बैठक में विधानसभावार नोटिसों की स्थिति, 100 से अधिक नोटिस प्राप्त मतदेय स्थलों की प्रगति तथा बीएलओ स्तर पर किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अभियान के दौरान गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने तथा निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ माइक्रो लेवल प्लान के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करें और किसी भी पात्र मतदाता का सत्यापन लंबित न रहने दें। उन्होंने कहा कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *