नई टिहरी। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के पट्टी उपली रमोली के ग्राम पंचायत सौंदी में विधायक निधि से 6 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित नागराजा मंदिर का शिलान्यास विधायक विक्रम सिंह नेगी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान नागराजा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
विधायक नेगी ने कहा कि उत्तराखंड देवी-देवताओं की पवित्र भूमि है। देवभूमि की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें संजोए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि मठ-मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं को धूप और बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न स्थानों पर विकास कार्य करवाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सेम मुखेम के मड़भागी सौड़, पट्टी रौणद के थकलेश्वर महादेव मंदिर पुजारगांव तथा कोटेश्वर महादेव भदूरा के पावन स्थल कुरेथ में एक हजार लोगों की क्षमता वाले टीन शेडों का निर्माण कराया गया है। वहीं, ओणेश्वर महादेव मंदिर देवल के पैदल मार्ग को 8 लाख रुपये की लागत से कैनोपी युक्त मार्ग के रूप में विकसित किया गया है।
विधायक ने कहा कि भविष्य में भी धार्मिक स्थलों के विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण और विकास प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने सौंदी गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने, विद्यालय का उच्चीकरण कराने तथा गांव के सार्वजनिक विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए विधायक विक्रम सिंह नेगी का आभार व्यक्त किया।
