माउंट किलिमंजारो फतह करने वाले नन्हे पर्वतारोहियों से मिले सीएम धामी, रियांश और प्रिशा की उपलब्धि को सराहा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने भेंट की। दोनों बाल पर्वतारोहियों ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने दोनों बच्चों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना उनके साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास को दर्शाता है।

22 अगस्त को फहराया तिरंगा

9 वर्षीय मास्टर रियांश पंत अल्मोड़ा के चीनाखान और 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जिले के बैलपड़ाव की निवासी हैं। दोनों ने 22 अगस्त 2026 को माउंट किलिमंजारो की चोटी पर सफलतापूर्वक पहुंचकर वहां तिरंगा फहराया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों बच्चों ने अपनी उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

युवाओं में प्रतिभा और साहस की कमी नहीं: सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। रियांश और प्रिशा जैसे युवा प्रतिभाशाली बच्चे उत्तराखंड की साहसिक और खेल प्रतिभा के प्रेरणादायक उदाहरण हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *