मुख्यमंत्री धामी की घोषणा पर आगे बढ़ी कार्रवाई, कलियासौड़ में 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित, भूमि हस्तांतरण और डिजाइन की प्रक्रिया बाकी
श्रीनगर (पौड़ी)। उत्तराखंड के प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिल सकती है। मंदिर के समीप आधुनिक दो मंजिला पार्किंग विकसित करने की योजना पर शासन स्तर से कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। प्रस्तावित पार्किंग में करीब 100 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। इससे चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान मंदिर क्षेत्र में लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत धारी देवी मंदिर, श्रीनगर में पार्किंग निर्माण की यह योजना प्रस्तावित है। परियोजना के लिए भूमि चिह्नित करने और भू-सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से संबंधित प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित कर ली गई है।

कलियासौड़ में चिह्नित की गई 0.14 हेक्टेयर भूमि
प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में कुल 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह भूमि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। मंदिर के नजदीक होने के कारण इस स्थान को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त माना गया है।
चिह्नित भूमि का जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण भी कराया जा चुका है। सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 20 मीटर × 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी। इसमें करीब 100 ईसीएस (इक्विवेलेंट कार स्पेस) वाहनों के खड़े होने की क्षमता होगी।
कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया जारी
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से कार्यदायी संस्था नामित किए जाने के संबंध में सचिव, आवास, उत्तराखंड शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
कार्यदायी संस्था नामित होने के बाद प्रस्तावित स्थल का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से पार्किंग का संरचनात्मक डिजाइन तैयार कराया जाना प्रस्तावित है, ताकि निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों, मजबूती और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा सके।

भूमि हस्तांतरण के लिए एनओसी जरूरी
पार्किंग निर्माण के लिए चिह्नित भूमि वर्तमान में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-07 से लगी हुई है। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और वर्तमान में इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर की ओर से किया जा रहा है।
भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित परियोजना से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना आवश्यक है। एनओसी मिलने के बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित किए जाने की कार्रवाई प्रस्तावित है। इसके बाद निर्माण से जुड़ी आगामी प्रक्रियाएं शुरू हो सकेंगी।
चारधाम यात्रा के दौरान मिलेगी यातायात समस्या से राहत
मां धारी देवी मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक आस्था केंद्रों में शामिल है। यहां सालभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है। खासकर चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान मंदिर पहुंचने वाले वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क किनारे अनियोजित पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
प्रस्तावित दो मंजिला पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित वाहन पार्किंग की सुविधा मिल सकेगी। साथ ही मंदिर क्षेत्र में जाम की समस्या कम करने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी। राज्य सरकार की यह पहल धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
