थराली। देवाल के संगम मैदान में रोटरी क्लब श्रीनगर के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पूर्व ब्लॉक प्रमुख दर्शन दानू के प्रयासों से संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में थराली के उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रोटरी क्लब के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में तहसील के दूरस्थ क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
शिविर में देवाल विकासखंड के दूरस्थ गांवों से आए ग्रामीणों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान लगभग 700 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कर निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध
शिविर में हड्डी रोग, दंत चिकित्सा, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनोकोलॉजी) और फिजियोथेरेपी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब श्रीनगर के अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल, सचिव संजय सिंह रावत, कोषाध्यक्ष मनीष कोठियाल, कार्यक्रम समन्वयक के.के. गुप्ता सहित वृजेश भट्ट, खिलेंद्र चौधरी, आशा धपोला और सुरेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।
