चिकित्सा मंत्री सुबोध उनियाल ने किया उद्घाटन, गंभीर मरीजों और हृदय रोगियों को मिलेगी बेहतर व त्वरित चिकित्सा सुविधा; सुपर स्पेशियलिटी शिक्षा में भी दून मेडिकल कॉलेज ने रचा नया अध्याय
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में शनिवार को स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में 12 बेड के नवनिर्मित कार्डियोलॉजी विंग और नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का लोकार्पण किया गया।
नई सुविधाओं के शुरू होने से दून मेडिकल कॉलेज में हृदय रोगियों के साथ-साथ गंभीर और आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर, त्वरित और उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
हृदय रोगियों के लिए बढ़ी उपचार क्षमता
नवनिर्मित 12 बेड के कार्डियोलॉजी विंग के शुरू होने से कार्डियोलॉजी विभाग की उपचार क्षमता मजबूत होगी। इससे हृदय रोग से संबंधित मरीजों को उपचार के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही गंभीर मरीजों के प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।
नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड के शुरू होने से अस्पताल में गंभीर एवं आपातकालीन मरीजों के उपचार की क्षमता बढ़ेगी। आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में यह सुविधा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा शिक्षा में दून मेडिकल कॉलेज की बड़ी उपलब्धि
दून मेडिकल कॉलेज ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने राज्य के प्रथम मेडिकल कॉलेज के रूप में सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम शुरू करने की दिशा में अहम कदम उठाया है।
इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान MCH Urology सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम के प्रथम दो अभ्यर्थियों डॉ. विशाल सिंह और डॉ. इकबाल अली को प्रवेश/ज्वाइनिंग पत्र प्रदान किए गए।
‘उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय’
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि दून मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों की शुरुआत की दिशा में हुई यह पहल पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के शुरू होने से प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। साथ ही भविष्य में जटिल और गंभीर रोगों के उपचार के लिए राज्य में ही उच्च स्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
मंत्री ने संस्थान की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और सुपर स्पेशियलिटी शिक्षा का विस्तार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने दून मेडिकल कॉलेज को चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर और समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।
गुणवत्तापूर्ण उपचार और नई सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं पर जोर
विभागाध्यक्ष एवं निदेशक, चिकित्सा शिक्षा प्रो. (डॉ.) आशुतोष सयाना ने कहा कि संस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का यह परिणाम है।
उन्होंने बताया कि दून मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार, मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और मानव संसाधन के सुदृढ़ीकरण पर लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नई सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए जाएंगे।
