गौचर। कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग की ओर से अग्निवीर योजना के विरोध में चलाया जा रहा जनजागरूकता अभियान मंगलवार को गौचर पहुंचा। इस दौरान आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने योजना की आलोचना करते हुए इसे युवाओं और पूर्व सैनिकों के हितों के खिलाफ बताया। कार्यक्रम के दौरान कई पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।
रामलीला मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रामरतन नेगी ने कहा कि अग्निवीर योजना से विशेषकर उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहले सेना में भर्ती होने वाले जवान सेवा पूरी करने के बाद पेंशन और अन्य सुविधाओं के साथ सम्मानजनक जीवन जीते थे, जबकि अग्निवीरों को चार वर्ष बाद सेवा से मुक्त कर दिया जाएगा।

गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने योजना को युवाओं के लिए नुकसानदायक बताते हुए आगामी चुनाव में सरकार के खिलाफ मतदान की अपील की। वहीं रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन के अध्यक्ष वीरपाल नेगी ने भी योजना पर सवाल उठाए। कांग्रेस नगर अध्यक्ष जगदीश कनवासी ने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का स्वागत किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर अग्निवीर योजना को समाप्त कर पूर्व की तरह नियमित सेना भर्ती प्रक्रिया बहाल करेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी ने आरोप लगाया कि यह योजना उत्तराखंड की सैन्य परंपरा को कमजोर करने का प्रयास है और इसे लोकतांत्रिक तरीके से समाप्त कराया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान हरीश बहुगुणा, रणजीत चौधरी और रमेश कोहली सहित कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने उनका फूल-माला और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर बचन सिंह नेगी, गोपाल सिंह गढ़िया, हरिकृष्ण भट्ट, महेश खंडूड़ी, सुभाष रावत, ईश्वरी मैखुरी, अजय किशोर भंडारी, देवेंद्र भंडारी, गौतम मिंगवाल, जीत सिंह बिष्ट, ओमप्रकाश मिश्रा, प्रताप सिंह खत्री, रविंद्र बर्तवाल, पुष्कर रावत, लक्ष्मण बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
