हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर हादसे का वीडियो/तस्वीरें सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, रात में सड़क के बीच सोते हैं पशु
हरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आबादी के समीप हाईवे में घूम रहे आवारा पशु वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। रात के समय कई जगह आवारा पशु हाईवे के बीचो-बीच बैठे या सोते नजर आते हैं। सोमवार सुबह इन पशुओं के कारण एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया।
सोमवार सुबह करीब छह बजे लखीमपुर से हरिद्वार की ओर जा रहा एक आयशर ट्रक श्यामपुर स्थित पिनाका होटल के सामने पहुंचा। इसी दौरान सड़क पर बैठे आवारा पशुओं को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक डिवाइडर से जा टकराया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, जिस स्थान पर ट्रक डिवाइडर से टकराया, वहां सड़क पर हल्का मोड़ भी है। ऐसे में यदि यही घटना दिन के समय होती और विपरीत दिशा से कोई वाहन आ रहा होता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
हादसे का इंतजार कर रहा हाईवे?
स्थानीय लोगों के मुताबिक हाईवे पर आबादी वाले क्षेत्रों में आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। रात के समय सड़क पर बैठे पशु दूर से दिखाई नहीं देने के कारण वाहन चालकों के लिए अचानक खतरा पैदा कर देते हैं। तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक पशु आ जाने से चालक को वाहन मोड़ना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
सोमवार की घटना ने एक बार फिर हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था और आवारा पशुओं को लेकर जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने हाईवे से आवारा पशुओं को हटाने और आबादी वाले क्षेत्रों में प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
