नई टिहरी। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं जड़ी-बूटी सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अभी से 2027 में भाजपा की तीसरी बार प्रचंड जीत सुनिश्चित करने के लिए जुट जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार न केवल अनुसूचित जाति बल्कि सर्व समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद बलवीर घुनियाल पहली बार जिला मुख्यालय टिहरी पहुंचे, जहाँ पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत और एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र कोली ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और जिले में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन में प्रत्येक वर्ग को सम्मान और समान भागीदारी प्रदान की जा रही है, जो पार्टी की मजबूती का आधार है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष घुनियाल ने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जहाँ समर्पित और ईमानदारी से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की सदैव कद्र होती है। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी को पद या सम्मान के लिए मांग करनी नहीं पड़ती, संगठन स्वयं मेहनती कार्यकर्ताओं को पहचानता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अनुसूचित जाति वर्ग भाजपा की रीढ़ की तरह पार्टी को मजबूती प्रदान कर रहा है, और इसी आधार पर भाजपा 2027 में फिर से उत्तराखंड में सरकार बनाएगी।
घुनियाल ने बताया कि जड़ी-बूटी विभाग भी ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार से जुड़ें और आत्मनिर्भर बनें।
 
					
 
		 
		 
		