हरीश धामी के मंच पर हंगामे को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, बोले- 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता देगी जवाब
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में हुए हंगामे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी के मंच पर किए गए हंगामे पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की जमीन खिसक चुकी है, जिसके चलते पार्टी के नेता मानसिक संतुलन खो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता इस घटनाक्रम को देख रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।

रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलजीबी मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में हुए घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने इस घटना को कांग्रेस के चाल, चरित्र और व्यवहार से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की ऐसी तस्वीरें पहले भी कई जगह सामने आती रही हैं। इस बार जौलजीबी में जो कुछ हुआ, उसे पूरा उत्तराखंड देख रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंच पर जिस तरह का घटनाक्रम हुआ, उससे कांग्रेस की बौखलाहट साफ दिखाई देती है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इस घटनाक्रम का जवाब देगी और कांग्रेस को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव के बाद विपक्ष में बैठकर इसका जवाब देना होगा।
जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में हुआ था हंगामा
गौरतलब है कि शनिवार को अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले का उद्घाटन समारोह हंगामे की भेंट चढ़ गया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन के बाद कार्यक्रम स्थल पर अचानक विवाद और तोड़फोड़ शुरू हो गई, जिससे मंच और आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी को मंच पर संबोधन का अवसर नहीं मिलने से नाराजगी सामने आई। इसके बाद विधायक और उनके समर्थकों ने मंच पर हंगामा किया। इस दौरान माइक भी फेंका गया। हालात संभालने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घटनाक्रम के कुछ ही देर बाद इससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। अब यह मामला प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। मुख्यमंत्री धामी के बयान के बाद इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।
