देहरादून। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखण्ड के दो शहरों काशीपुर और रुद्रपुर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि पर गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में दोनों नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और उन्हें पुरस्कारों की जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल में काशीपुर के महापौर दीपक बाली, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी तथा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे शामिल रहे।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत काशीपुर को उत्तराखण्ड में तथा रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शहरी स्वच्छता, स्वच्छता प्रबंधन और शहरी स्थानीय निकायों में किए गए उल्लेखनीय सुधारों के लिए प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर दोनों शहरों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि काशीपुर और रुद्रपुर को मिला यह सम्मान पूरे उत्तराखण्ड के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता, समर्पण एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। उत्तराखण्ड में भी राज्य सरकार स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहरों के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। शहरी क्षेत्रों में प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन, कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण, आधुनिक स्वच्छता सुविधाओं का विकास और सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने निकायों को जनभागीदारी मजबूत करने और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। वहीं, प्रतिनिधिमंडल ने स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने, बुनियादी ढांचे में सुधार, बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन और आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी।
