Your Website Description

14 नवंबर से शुरू होगा 74वां राजकीय गौचर मेला, सात दिन तक सजेगी लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

20 नवंबर तक चलेगा ऐतिहासिक गौचर मेला, औद्योगिक विकास, स्थानीय उत्पादों, कृषि, खेलकूद और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को मिलेगा विशेष मंच

चमोली/देहरादून। जनपद चमोली का ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला इस वर्ष 14 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। सात दिवसीय मेले का शुभारंभ 14 नवंबर को होगा। मेले में औद्योगिक विकास, स्थानीय उत्पादों, कृषि एवं उद्यान, खेलकूद, जनकल्याणकारी योजनाओं और उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। जिला प्रशासन एवं मेला समिति ने मेले की तैयारियों को लेकर विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित किया है।

14 नवंबर को होगा मेले का भव्य शुभारंभ

मेले के प्रथम दिन प्रातः 7 बजे श्री रावल देवता पूजन और 7:30 बजे प्रभात फेरी के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद मेला अध्यक्ष एवं मेला अधिकारी द्वारा झंडारोहण, मार्च पास्ट और सलामी दी जाएगी। बालक-बालिकाओं की दौड़ प्रतियोगिता, शिशु प्रदर्शनी एवं नेहरू चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। शाम को विभिन्न शिक्षण संस्थानों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य और लोकगायक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। रात्रि में ‘वीर भड़ माधो सिंह भंडारी’ गीत-नृत्य नाटिका का मंचन विशेष आकर्षण रहेगा।

15 नवंबर को खेलकूद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम

दूसरे दिन पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान की ओर से योग शिविर आयोजित होगा। इसके साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, वन विभाग की जनजागरूकता गोष्ठी, पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन पर चर्चा, बैंकर गोष्ठी और प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की गोष्ठी होगी। सांस्कृतिक संध्या में अरविंद कुमार एवं टीम, पवन लोभियाल एवं जय, मां पथवार नंदा कला मंच गैरसैंण, अनिल रावत, डॉ. पम्मी, नवल और रोहित चौहान सहित अन्य कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।

16 नवंबर को कृषि और औद्योगिक विकास पर रहेगा फोकस

तीसरे दिन समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन, कृषि विभाग की किसान गोष्ठी और जिला उद्योग विकास केंद्र की ओर से औद्योगिक विकास गोष्ठी आयोजित की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भिलंगना सांस्कृतिक कला समिति, उत्तराखंड सांस्कृतिक कला मंच गौचर सहित विभिन्न दल प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा कवि सम्मेलन, हास्य नाटिका तथा लोकगायक साहब सिंह रमौला, अमित खरे और स्वाति सहित अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।

17 नवंबर को उद्यान विभाग की गोष्ठी और पंच सम्मेलन

चौथे दिन उद्यान विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित गोष्ठी और पंच सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अनुराग शाह गौचर, उमा शंकर कला मंच कर्णप्रयाग, विमल बिष्ट एवं टीम, हिमांशु डबरियाल एवं टीम, अभिषेक एवं टीम तथा हिमनाद बैंड अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही लोकगायक विवेक नौटियाल और मंजू नौटियाल की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

18 नवंबर को पूर्व सैनिक सम्मेलन और पत्रकार सम्मान समारोह

पांचवें दिन भूतपूर्व सैनिक एवं गौरव सेनानी सम्मेलन, आईटीबीपी जोशीमठ बैंड की प्रस्तुति, पत्रकार सम्मेलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक जागरूकता गोष्ठी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सम्मेलन भी होगा। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के कार्यक्रम, जोनपुर की स्वजन सांस्कृतिक कला मंच की प्रस्तुति तथा लोकगायक संकल्प खेतवाल, अज्जू तोमर और मनोज सागर सहित अन्य कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

19 नवंबर को महिला सशक्तिकरण सम्मेलन और पांडवाज की प्रस्तुति

छठे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल आयोजित होंगे। इसके साथ भाषण प्रतियोगिता, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर गोष्ठी और महिला सशक्तिकरण सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। शाम को उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध बैंड की प्रस्तुति के साथ पांडवाज की विशेष सांस्कृतिक संध्या मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

20 नवंबर को होगा गौचर मेले का समापन

मेले के अंतिम दिन मुख्य अतिथि यशपाल आर्य का आगमन एवं स्वागत किया जाएगा। इसके बाद लोकगायिका सरिता बैनोला की प्रस्तुति, पौराणिक ढोल वादन, भैरव नृत्य जागरी और नारंगी नंदानगर (घाट) की सांस्कृतिक कला मंच समिति की प्रस्तुतियां होंगी। अपराह्न एक बजे मुख्य अतिथि द्वारा मेले का विधिवत समापन किया जाएगा।

स्थानीय व्यापार और लोकसंस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

गौचर मेला केवल व्यापारिक एवं औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला, संगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का भी महत्वपूर्ण मंच है। मेले के दौरान प्रतिदिन योग शिविर, खेल प्रतियोगिताएं, विभागीय गोष्ठियां, जनजागरूकता कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

जिला प्रशासन एवं मेला समिति ने क्षेत्रवासियों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *