रुद्रप्रयाग। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से की गई जनकल्याणकारी घोषणाओं को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रोत्साहन राशि देने और आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कैबिनेट मंत्री चौधरी ने बताया कि प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत लाभान्वित हो चुकी महिलाओं के साथ ही भविष्य में इस योजना से जुड़ने वाली महिलाओं को भी इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 75 हजार स्वयं सहायता समूह संचालित हैं, जिनसे लगभग साढ़े पांच लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। अकेले रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में करीब सात हजार महिलाओं को इस घोषणा का लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन राशि की पहली किस्त चुनाव से पहले उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, जबकि दूसरी किस्त भी जल्द जारी कराने का प्रयास रहेगा।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री की ओर से आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि की घोषणा भी की गई है। बढ़ा हुआ मानदेय आगामी एक दिसंबर 2026 से लागू होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही इन महिला कर्मियों को मानदेय वृद्धि से आर्थिक राहत मिलेगी और उनके कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा।
चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। राज्य स्थापना दिवस पर की गई ये घोषणाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
इस दौरान उन्होंने रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
