विधायक किशोर उपाध्याय बोले- आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से अस्तित्व में आया उत्तराखंड, इंद्रमणि बडोनी की स्मृति में जिला मुख्यालय में स्थापित होगी प्रतिमा
नई टिहरी। उत्तराखंड राज्य का 26वां स्थापना दिवस जनपद टिहरी गढ़वाल में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय नई टिहरी सहित जनपद की सभी तहसीलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह नई टिहरी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की, जबकि स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जनपद के आंदोलनकारियों को फूलमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने प्रदेश एवं जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य प्राप्ति के लिए आंदोलनकारियों ने वर्षों तक संघर्ष किया और अनेक लोगों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके संघर्षों के परिणामस्वरूप 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया।
उन्होंने कहा कि राज्य आज स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यह अवसर राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और शहीदों के योगदान को याद करने के साथ ही उनके सपनों के अनुरूप प्रदेश के विकास का संकल्प लेने का भी है।
विधायक ने कहा कि उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव एवं आत्मीयता रही है। उनके मार्गदर्शन और केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं एवं परियोजनाओं से प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं एवं मांगों के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में आंदोलनकारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए समिति का गठन किया गया है, जो उनकी विभिन्न समस्याओं का परीक्षण कर समाधान की दिशा में कार्य करेगी।
विधायक ने राज्य निर्माण आंदोलन के प्रणेता एवं उत्तराखंड की जनभावनाओं के प्रतीक स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए जिला मुख्यालय में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से राज्य की एकता, संस्कृति, परंपराओं और विकास को आगे बढ़ाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य अनेक आंदोलनकारियों के संघर्ष और शहादत के बाद अस्तित्व में आया है। राज्य आंदोलन में टिहरी जनपद का विशेष एवं ऐतिहासिक योगदान रहा है। आंदोलन के कई प्रमुख कर्णधार इसी जनपद की धरती से जुड़े रहे हैं। ऐसे में टिहरी जनपद का दायित्व और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि वह राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन, आधारभूत संरचना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राज्य निर्माण में योगदान देने वाले सभी आंदोलनकारियों एवं शहीदों को नमन करते हुए प्रदेश के विकास में सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।
