Your Website Description

स्कूली बच्चों के आइडिया को मिलेगा स्टार्टअप का मंच, यूपीईएस के फ्यूचर फाउंडर्स चैलेंज में दिखी युवा प्रतिभा

देहरादून। अब स्कूली विद्यार्थी सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कम उम्र में ही बिजनेस और स्टार्टअप की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। इसका उदाहरण यूपीईएस के रनवे इन्क्यूबेटर की ओर से आयोजित फ्यूचर फाउंडर्स चैलेंज 2026 में देखने को मिला। प्रतियोगिता में देशभर के विद्यार्थियों ने 750 से अधिक व्यावसायिक और नवाचार संबंधी विचार प्रस्तुत कर अपनी उद्यमशील सोच का परिचय दिया।

एक से तीन नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे संस्करण में 23 राज्यों के 100 से अधिक शहरों के 150 से ज्यादा स्कूलों की 500 से अधिक टीमों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के बाद 30 टीमों को देहरादून स्थित यूपीईएस परिसर में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने बिजनेस मॉडल प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

प्रतियोगिता में रायपुर के एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल की टीम ने पहला स्थान हासिल कर 1.5 लाख रुपये का पुरस्कार जीता। लुधियाना के बीसीएम आर्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम एक लाख रुपये के साथ प्रथम उपविजेता और लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की टीम 50 हजार रुपये के साथ द्वितीय उपविजेता रही। सात अन्य टीमों को 25-25 हजार रुपये के मेरिट अवॉर्ड प्रदान किए गए।

इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों को केवल अपने विचार प्रस्तुत करने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें बिजनेस मॉडल तैयार करने, अपनी योजनाओं को विशेषज्ञों के सामने रखने और व्यावहारिक चुनौतियों को समझने का अवसर भी मिला। इसके लिए कार्यशालाएं, स्टोरीटेलिंग सत्र और बिजनेस पिचिंग राउंड आयोजित किए गए।

शीर्ष तीन विजेता टीमों को रनवे इन्क्यूबेटर के प्री-इन्क्यूबेशन कार्यक्रम टेकऑफ 6.0 में भी जगह मिली। इससे विद्यार्थियों को अपने विचारों को आगे विकसित करने का अवसर मिलेगा।

यूपीईएस के कुलपति डॉ. सुनील राय ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में कम उम्र से उद्यमशीलता की सोच विकसित करना और उनके विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

रनवे इन्क्यूबेटर के सीईओ प्रो. राहुल नैनवाल ने कहा कि यह मंच विद्यार्थियों को समस्या पहचानने से लेकर बिजनेस मॉडल तैयार करने और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने तक का अनुभव देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *