स्थानीय युवाओं को मिलेगी तकनीकी शिक्षा की बेहतर सुविधा, रोजगार और स्वरोजगार के खुलेंगे नए अवसर
नई टिहरी। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नई टिहरी में 3506.02 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय पॉलीटेक्निक के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। इस दौरान मंत्री और अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राजकीय पॉलीटेक्निक का निर्माण क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संस्थान के बनने से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे तकनीकी रूप से दक्ष होकर रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
मंत्री ने कहा कि यह संस्थान क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और आने वाले समय में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलेगा।
इस अवसर पर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।
