Your Website Description

लखवाड़ परियोजना में तेजी लाने के निर्देश, साप्ताहिक लक्ष्यों के आधार पर होगी प्रगति की समीक्षा

यूजेवीएनएल के एमडी अजय कुमार सिंह ने एलएंडटी को दिए कड़े निर्देश, डिजाइन एवं ड्रॉइंग संबंधी लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

देहरादून। लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति, निर्धारित माइलस्टोन, तकनीकी बाधाओं और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यूजेवीएन लिमिटेड, परियोजना प्रबंधन परामर्शदाता टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स (टीसीई) तथा कार्यदायी संस्था लार्सन एंड टूब्रो लिमिटेड (एलएंडटी) के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

साप्ताहिक लक्ष्य तय कर होगी प्रगति की निगरानी

प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना कई राज्यों के लिए महत्वपूर्ण है और उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने के लक्ष्य की दिशा में इसकी अहम भूमिका है। निगम प्रबंधन परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष हुई प्रगति की कमियों को दूर करने के लिए साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित किए जाएं। प्रत्येक सप्ताह लक्ष्यों की प्राप्ति की गहन समीक्षा की जाएगी। महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए दिवसवार कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बांध से लेकर पावर इंटेक तक कार्यों की समीक्षा

बैठक में बांध, रिवर डायवर्जन, अपस्ट्रीम कॉफर डैम, शीयर जोन उपचार, एक्सेस टनल, प्रेशर शाफ्ट, पावर इंटेक तथा हाइड्रोमैकेनिकल एवं इलेक्ट्रोमैकेनिकल (HM/EM) इंटरफेस से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

परियोजना के डिजाइन एवं ड्रॉइंग को शीघ्र अंतिम रूप देने और लंबित ड्रॉइंग के अनुमोदन में तेजी लाने के लिए एलएंडटी को कड़े निर्देश दिए गए। डिजाइन संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने और अनुमोदन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी रोकने के लिए कंपनी को अपने डिजाइन इंजीनियरों एवं संबंधित विशेषज्ञों को परियोजना स्थल पर तैनात करने को कहा गया।

सिविल और इलेक्ट्रोमैकेनिकल कार्यों में समन्वय पर जोर

परियोजना के सिविल तथा इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल कार्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और तकनीकी बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आपसी तालमेल के साथ निर्धारित माइलस्टोन के अनुरूप कार्यों को आगे बढ़ाने तथा संभावित समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनका निराकरण करने को कहा गया।

सुरक्षा, गुणवत्ता और पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन

समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा, गुणवत्ता और पर्यावरणीय अनुपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। नियंत्रित ब्लास्टिंग, मलबे के उचित निस्तारण, धूल नियंत्रण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

साथ ही, श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

वैधानिक स्वीकृतियों और भूमि अधिग्रहण की समीक्षा

परियोजना के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियों एवं प्रशासनिक मामलों की भी समीक्षा की गई। साइट इंजीनियरों को जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यक अनुमतियों के अभाव में निर्माण कार्य प्रभावित न हों।

भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए देहरादून जनपद में मुआवजा वितरण की प्रक्रिया की निरंतर निगरानी करने और पात्र प्रभावित व्यक्तियों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया। लंबित प्रशासनिक मामलों का भी संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर शीघ्र निस्तारण करने पर बल दिया गया।

श्रमिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के निर्देश

श्रमिकों से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान एलएंडटी को निर्देशित किया गया कि श्रमिकों की समस्याओं का यथासंभव परियोजना स्थल पर ही समाधान किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में व्यवधान उत्पन्न न हो। श्रमिकों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाओं और कार्यबल के प्रभावी प्रबंधन को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निर्धारित समय पर कमीशनिंग निगम की प्राथमिकता

प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि परियोजना के निर्धारित लक्ष्यों और माइलस्टोन की प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को संशोधित समय-सारिणी के अनुरूप निर्माण कार्यों में तेजी लाने और परियोजना को निर्धारित समय पर कमीशन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति की नियमित एवं साप्ताहिक आधार पर समीक्षा की जाएगी। निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष सामने आने वाली कमियों की पहचान कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना की समयबद्ध पूर्णता निगम प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल, अधिशासी निदेशक  राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक सिविल  सुजीत कुमार सिंह, महाप्रबंधक विद्युत यांत्रिक  संजय जोशी सहित अन्य अधिकारी तथा टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स और लार्सन एंड टूब्रो के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *