देहरादून। जनपद देहरादून में जिला योजना समिति (डीपीसी) सामान्य निर्वाचन-2026 की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना पूरी होने के बाद शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान और महापौर सौरभ थपलियाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को जीत के प्रमाण पत्र प्रदान किए और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जनपद के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान और प्रभावी विकास योजनाएं तैयार करने में जिला योजना समिति की भूमिका पर जोर दिया गया।

कई सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन, कुछ क्षेत्रों में हुआ मुकाबला
जिला योजना समिति के चुनाव में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्विरोध निर्वाचन के साथ कुछ सीटों पर प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबला भी देखने को मिला।
जिला पंचायत के अंतर्गत सभी 10 प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों और नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर सदस्य निर्विरोध चुने गए। वहीं, विकासनगर, हरबर्टपुर और सेलाकुई के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र की एक सीट पर भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
दूसरी ओर, नगर निगम ऋषिकेश की दो सीटों और नगर पालिका परिषद मसूरी तथा डोईवाला की एक-एक सीट पर मतदान के बाद सदस्यों का निर्वाचन हुआ।
नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर निर्विरोध जीत
नगर निगम देहरादून की 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों में रविन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह कठैत, नंदिनी शर्मा, संतोख सिंग नागपाल, वैभव अग्रवाल, सतीश कश्यप, विमल चन्द उनियाल, कपिल धर, आलोक कुमार, संजीत कुमार बंसल, पूजा नेगी, अमिता सिंह, मीनाक्षी मौर्या, प्रवीन सिंह नेगी और अशोक डोबरियाल शामिल हैं।
जिला पंचायत क्षेत्र की सभी 10 सीटों पर अमिता राज, खुशबू गुरुंग, गोविन्द सिंह, दीवान सिंह, पिंकी रोहिला, रश्मि देवी, विजयलक्ष्मी, विनिता रतूड़ी, संजय किशोर और हुकम चन्द्र निर्विरोध निर्वाचित हुए।
विकासनगर, सेलाकुई और हरबर्टपुर के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र की एक सीट पर एल. शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए।
ऋषिकेश, डोईवाला और मसूरी में मतदान से चुने गए सदस्य
मतदान के बाद नगर निगम ऋषिकेश की दो सीटों पर राजेन्द्र सिंह बिष्ट और संध्या बिष्ट निर्वाचित हुए। नगर पालिका परिषद डोईवाला से रियायत अली और मसूरी से पवन भलवाल ने जीत दर्ज की।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

जनपद के संतुलित विकास में डीपीसी की अहम भूमिका: डीएम
प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद के संतुलित विकास में जिला योजना समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। समिति के सदस्यों को जनसमस्याओं के समाधान और दूरगामी विकास योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं के निर्माण में सहयोग करें, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच सके।
बिना भेदभाव विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर
महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन के लिए सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह और जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
