रुद्रप्रयाग। जसोली कोट-घोलतीर मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रीय जनता की चिंता के बाद मामला अब विभागीय स्तर पर पहुंच गया है। पूर्व छात्र संघ सचिव एवं युवा सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप सिंह रावत ने अधिशासी अभियंता, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), रुद्रप्रयाग को पत्र भेजकर मोटर मार्ग के तत्काल सुधारीकरण की मांग उठाई। विभाग की ओर से मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल आंदोलन का निर्णय वापस ले लिया गया है।
जर्जर सड़क से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी
प्रदीप सिंह रावत ने अपने पत्र में बताया कि जसोली कोट-घोलतीर मोटर मार्ग लंबे समय से कई स्थानों पर जर्जर स्थिति में है। सड़क की खराब हालत के कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ इस मार्ग से आवाजाही करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मोटर मार्ग क्षेत्र के प्रसिद्ध हरियाली देवी मंदिर और जगत सिंह जंगली द्वारा विकसित प्रसिद्ध जंगल तक पहुंचने का भी माध्यम है। इस कारण यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क की बदहाली से उनकी यात्रा प्रभावित हो रही है।
गर्भवती महिलाओं और विद्यार्थियों की आवाजाही प्रभावित
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं, स्कूली बच्चों और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को भी प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ता है।
उन्होंने आशंका जताई कि सड़क की जर्जर हालत कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में क्षेत्रीय जनता की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए मोटर मार्ग का सुधारीकरण जल्द किया जाना आवश्यक है।
15 दिन में कार्य शुरू कराने की मांग, आंदोलन की दी थी चेतावनी
प्रदीप सिंह रावत ने विभाग से मांग की थी कि क्षेत्रीय जनता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 15 दिनों के भीतर सड़क सुधारीकरण का कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय में कार्य शुरू नहीं होने पर क्षेत्रीय जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा।
विभाग ने मरम्मत और रिसर्फेसिंग का दिया आश्वासन
पत्र मिलने के बाद विभाग की ओर से ठेकेदार को पेच मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू कराने के लिए लिखित नोटिस जारी किए जाने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही मोटर मार्ग पर रिसर्फेसिंग कार्य के लिए आगणन तैयार करने के संबंध में आवश्यक दस्तावेज मुख्य अभियंता, पीएमजीएसवाई को भेजे जाने की बात कही गई है।
विभाग ने जल्द ही सड़क पर कार्य शुरू कराने का भरोसा दिलाया है। विभागीय आश्वासन के बाद प्रदीप सिंह रावत ने फिलहाल आंदोलन का निर्णय वापस ले लिया है। अब क्षेत्रीय लोगों को सड़क की मरम्मत और सुधारीकरण कार्य शुरू होने का इंतजार है।
