Dehradun Job Fair 2026: 29 सितंबर को रोजगार मेला, 904 पदों पर भर्ती; 18 कंपनियां लेंगी हिस्सा

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से 29 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। इसमें निजी क्षेत्र की 18 कंपनियां प्रतिभाग कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। मेले में कुल 904 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

18 कंपनियां करेंगी अभ्यर्थियों का चयन

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी। इनमें कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार समेत अन्य कंपनियां शामिल रहेंगी।

SJVN

विज्ञापन

अन्य जिलों के युवा भी ले सकेंगे हिस्सा

रोजगार मेले में केवल देहरादून ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी प्रतिभाग कर सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में प्री-रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की गई है। रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी

रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा।

सेवायोजन विभाग ने अधिक से अधिक युवाओं से रोजगार मेले में शामिल होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

दुबई में भी रोजगार का अवसर

सेवायोजन विभाग की ओर से युवाओं को विदेश में रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को दुबई के कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इसके लिए आईटीआई/आईटीआई सर्टिफिकेट धारक अभ्यर्थी पात्र होंगे। फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए छह माह का अनुभव तथा न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। योजना के माध्यम से उत्तराखंड के युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *