केंद्रीय विद्यालय मदन नेगी को मिले 50 सेट फर्नीचर और प्यूरिफायर वाटर कूलर

नई टिहरी। केंद्रीय विद्यालय मदन नेगी में छात्र-छात्राओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने विद्यालय को 50 सेट फर्नीचर और प्यूरिफायर वाटर कूलर उपलब्ध कराया। विद्यालय में आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने से अब विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य मेहरबान सिंह रावत ने विधायक का आभार जताया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक विक्रम सिंह नेगी ने विद्यालय को फर्नीचर एवं वाटर कूलर उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय मदन नेगी का संचालन हाल ही के शैक्षणिक सत्र से शुरू हुआ है। विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर विद्यालय प्रबंधन की मांग के अनुरूप 50 सेट फर्नीचर उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्यूरिफायर वाटर कूलर भी उपलब्ध कराया गया है। इन सुविधाओं से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा और पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

विधायक ने कहा कि विद्यालय बच्चों के जीवन की महत्वपूर्ण पाठशाला होती है। यहां मिलने वाली शिक्षा और संस्कार ही उनके भविष्य की नींव तैयार करते हैं। ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दें।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मेहरबान सिंह रावत ने विद्यालय के लिए फर्नीचर और स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने पर विधायक विक्रम सिंह नेगी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, न्याय पंचायत अध्यक्ष पूर्णानंद रतूड़ी, प्रधान बुद्धिराम जुयाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्यारी देवी, पूर्व प्रधान गंभीर सिंह नेगी, लक्ष्मी देवी, मंगशीरी देवी, कुशीलाल, दीप लाल, वीरेंद्र दत्त नौटियाल, गणेश रतूड़ी, जगदीश जुयाल, खुशीराम रतूड़ी, मदन सिंह पंवार, बुद्धि सिंह बिष्ट, कुलदीप सिंह रावत, दिनेश सिलवाल, विजय खरोला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *