नंदा देवी बड़ी जात यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, दुर्गम और संवेदनशील मार्ग पर जारी हुई सुरक्षा एडवाइजरी

गोपेश्वर। वर्ष 2026 में प्रस्तावित श्री नंदा देवी बड़ी जात यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। वन विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने प्रस्तावित पैदल यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर मार्ग की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग के कई हिस्से अत्यंत दुर्गम, जोखिमपूर्ण और भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील पाए गए।

66 किलोमीटर से अधिक मार्ग का किया निरीक्षण

संयुक्त टीम ने वाण से होमकुंड होते हुए सुतोल तथा सुतोल से होमकुंड तक प्रस्तावित यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान वाण से ज्यूरागली तक करीब 32 किलोमीटर और सुतोल से होमकुंड तक करीब 34 किलोमीटर क्षेत्र का स्थलीय परीक्षण किया गया।

स्थलीय निरीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ ने नंदा देवी बड़ी जात आयोजन समिति को पत्र भेजकर वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं।

दुर्गम वन क्षेत्र और भूस्खलन वाले हिस्से जोखिमपूर्ण

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने कहा कि यात्रा मार्ग दुर्गम वन क्षेत्रों और विभिन्न पड़ावों से होकर गुजरता है। इनमें कई क्षेत्र आपदा की दृष्टि से संवेदनशील हैं। ऐसे में यात्रा का आयोजन आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाना जरूरी है।

एडवाइजरी में बेदनी से आगे के निर्जन वन क्षेत्रों और अन्य पड़ावों को विशेष रूप से जोखिमपूर्ण बताया गया है। प्रशासन ने जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रा को यथासंभव सीमित रखने की अपेक्षा की है।

वाण में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही आगे बढ़ें श्रद्धालु

प्रशासन ने यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। श्रद्धालुओं को बेदनी के लिए रवाना होने से पहले वाण में अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे की यात्रा करने की सलाह दी गई है, ताकि उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जा सके और उच्च हिमालयी क्षेत्र में संभावित स्वास्थ्य जोखिम को कम किया जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने के निर्देश

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने आयोजन समिति से यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आमजन से भी यात्रा मार्ग की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सतर्कता बरतने तथा प्रशासन की ओर से जारी सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *